

कोलकाता : बंगाल सरकार ने विभिन्न जिला प्रशासन को मध्याह्न भोजन योजना के तहत स्कूली छात्रों को अतिरिक्त अंडे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, जिसका उद्देश्य बच्चों में पोषण तत्त्वों को बढ़ाना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले उठाए गए इस कदम से विपक्षी भारतीय जनता पार्टी और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरु हो गयी है। जिलाधिकारियों और उप-विभागीय अधिकारियों को भेजे गए एक पत्र में, विद्यालय शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया कि पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक के छात्र/छात्राओं को 12 दिनों के लिए एक पूरा अंडा या एक मौसमी फल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इस उद्देश्य के लिए प्रति छात्र प्रति दिन आठ रुपये का आवंटन किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त प्रावधान को 31 मार्च 2026 को समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष के भीतर लागू किया जाना है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने आश्चर्य व्यक्त किया कि बच्चों को अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर पहले ध्यान क्यों नहीं दिया गया और केवल चुनाव के दौरान ही इस पर क्यों ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को साल में एक बार एक अतिरिक्त अंडा और मौसमी फल देने का प्रावधान पहले से ही मौजूद है और यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, जो लोग इस मुद्दे को चुनाव से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि यह इस सरकार की हर साल की प्रथा रही है। हमारे बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यंजन सूची जैसे मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।