कांचरापाड़ा नगर पालिका के 15 पार्षदों ने एक साथ दिया इस्तीफा !

Bengal Municipal Crisis: Kanchrapara TMC Counselors Resign; 16 Halisahar Counselors Meet Barrackpore SDM
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कांचरापाड़ा: कांचरापाड़ा नगर पालिका टीएमसी के 15 पार्षदों के एक साथ इस्तीफा दिये जाने की बात पर बीजपुर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है हालांकि इस पर किसी तरह का आधिकारिया बयान अब तक सामने नहीं आया है। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही चेयरमैन कमल अधिकारी की लंबी अनुपस्थिति के कारण पार्षदों के एक बड़े वर्ग में नाराजगी बढ़ती जा रही थी, जिससे नागरिक सेवाएं भी प्रभावित हो रही थीं। इस स्थिति को संभालने के लिए हाल ही में बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास ने नगर पालिका का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। साथ ही पालिका के वाइस चेयरमैन शुभ्रांशु राय ने भी सालों बाद पालिका में कदम रखते हुए काम काज संभालने की घोषणा भी मगर इस बीच मंगलवार को 15 पार्षदों के इस्तीफे की खबर से एक बार फिर पालिका क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। वाइस चेयरमैन शुभ्रांशु राय ने इस बाबत कहा कि उन्हें पार्षदों के इस्तीफे को लेकर किसी तरह की जानकारी नहीं दी गयी। मामले पर बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास ने कहा, "हम स्थिति की जांच कर रहे हैं। अगर इस्तीफे सही हैं, तो यह बोर्ड गिर जाएगा। ऐसे में हम राज्य सरकार से बात कर आवश्यक कदम उठाएंगे, लेकिन जनता की नागरिक सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।"

हालीशहर पालिका के 16 पार्षद पहुंचे एसडीएम कार्यालय

कांचरापाड़ा के साथ ही बुधवार को हालीशहर नगरपालिका के 16 तृणमूल पार्षदों के अलग बैठक करने और इसके उपरांत बैरकपुर के महकमा शासक के साथ बैठक किये जाने को लेकर भी चर्चा तेज हो गयी है। पार्षद प्रवीर सरकार ने कहा कि पालिका की परिसेवाओं को कैसे चलाया जायेगा, उनके सामने की ऊहांपोह की स्थिति को लेकर उन्होंने एसडीएम के साथ बैठक कर परिस्थितियों की जानकारी दी है। मामले में बैरकपुर के एसडीएम यादव सूर्यभान अच्छेलाल ने कहा कि किसी इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया गया है। हमारी कोशिश है कि कहीं भी कोई नागरिक परिसेवा प्रभावित नहीं हो, अतः इस ओर पालिका, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in