बंगाल : 22 जिलों में चला स्वच्छता का महाअभियान

1,600 से अधिक वार्डों में व्यापक स्तर पर हुई साफ सफाई, राज्यव्यापी स्वच्छता एवं डेंगू रोकथाम अभियान सफलतापूर्वक संपन्न : सीएम
बंगाल : 22 जिलों में चला स्वच्छता का महाअभियान
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में डेंगू के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने और स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल सरकार के शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग की ओर से चलाया गया तीन दिवसीय ‘स्वच्छता संकल्प अभियान’ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के तहत राज्य के 22 जिलों की 128 नगरपालिकाओं के 1,600 से अधिक वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई और डेंगू रोकथाम से जुड़े कार्य किए गए।रविवार को सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अभियान की सफलता और उसकी विस्तृत रिपोर्ट साझा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पश्चिम बंगाल के लक्ष्य की दिशा में ‘स्वच्छता संकल्प अभियान’ एक महत्वपूर्ण पहल है।

स्वच्छता संकल्प अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

6,065 अवरुद्ध नालियों की सफाई की गई।

1,608 स्थानों पर फैली गंदगी और कचरे को हटाया गया।

सड़कों के किनारे जमा कचरे वाले 4,511 स्थानों की सफाई की गई।

डेंगू की रोकथाम के लिए 27,378 स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की पहल की गई।

बाजार, हाट, स्कूल-कॉलेज, सरकारी कार्यालय और अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया

1,106 बाजार एवं हाट

1,304 स्कूल एवं कॉलेज परिसर

544 सरकारी कार्यालय परिसर

315 अस्पताल परिसर

जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए 35,000 से अधिक IEC (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री वितरित की गई

स्वच्छता अभियान में 118 NGO एवं सिविल सोसाइटी संगठनों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील

सीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों को लगातार स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने स्वस्थ रहने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ‘स्वच्छता अभियान’ को व्यापक जनआंदोलन में बदलने की अपील की। हर मोहल्ले, सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थान को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से उठाने का आह्वान किया गया। स्वच्छ बंगाल के निर्माण की इस मुहिम में प्रत्येक नागरिक को सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

अभियान का संकल्प है— “कचरामुक्त पश्चिम बंगाल।”

डेंगू के खिलाफ संदेश— “डेंगू के खिलाफ एकजुट पश्चिम बंगाल।”

लोगों से अपील की गई— “स्वच्छ रहें। स्वस्थ रहें। पश्चिम बंगाल का गौरव बनाए रखें।”

अभियान का अंतिम संदेश है— “स्वच्छता का संकल्प हम सभी का संकल्प और प्रतिबद्धता बने।”

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in