उबल रहा है बंगाल, भीषण गर्मी ने किया लोगों का हाल बेहाल

मौसम विभाग ने कहा, आने वाले दिनों में हो सकती है बारिश दिन के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
weather, hot, rain, prediction, heatwave
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गर्मी बढ़ती ही जा रही है। तापमान हर दिन एक नया रिकाॅर्ड बना रहा है। फिलहाल कोलकाता में अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि हर अगले दिन तापमान पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है। सुबह सूरज की किरणों के खिलने के साथ ही असहज गर्मी महसूस होने लगती है। पूरे महानगर में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। अप्रैल महीने की शुरुआत में कुछ दिनों के लिए नगरवासियों को गर्मी से हल्की राहत मिली थी, मगर बीते लगभग 1 सप्ताह से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। भीषण गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है।

गर्मी की वजह से लोगों को हो रही हैं कई समस्याएं

कुछ दिनों से गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ी हुई है कि लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं हो रही हैं। किसी को खासी-सर्दी, ताे कोई बुखार से पीड़ित है। स्थिति ऐसी हो गई है कि अगर थोड़ी भी लापरवाही बरती गई तो तबीयत बिगड़ सकती है। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी की तीव्रता बढ़ने लगती है और दोपहर होते ही घर से बाहर तक निकलना मुश्किल हो गया है।

सड़के पड़ी हैं वीरान

गर्मी की वजह से लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते हैं। ऐसे में दोपहर के समय में सड़कें पूरी तरह वीरान हो जा रही हैं। जिन सड़कों पर लोगों की भीड़ लगी रहती थी, वह भी गर्मी की वजह से सूनी हैं। बसों व टैक्सी से जाते लोगों को हाथ पंखों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। गर्मी की वजह से लोग पसीने से तर हो जा रहे हैं। सड़कों पर बिना धूप का चश्मा और छाता लिए निकलना मुश्किल हो गया है। मुख्य रूप से दोपहर लगभग 11 बजे के बाद से लेकर करीब 4 बजे तक गर्मी का ताप काफी ज्यादा महसूस होता है।

कब मिलेगी गर्मी से राहत?

हर इंसान का अब बस यही सवाल है कि इस गर्मी से राहत कब मिलेगी। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 से 3 दिनाें में गर्मी से राहत मिल सकती है। बताया गया है कि कोलकाता में गुरुवार के बाद हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। आंशिक रूप से बादल भी छाये रह सकते हैं। इस दौरान तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। साेमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उत्तर बंगाल में भी तूफान और बारिश का पूर्वानुमान है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in