

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: बाढ़ प्रभावित पश्चिम बंगाल में महंगाई से परेशान लोगों को राहत देने की दिशा में सरकार ने एक अहम मांग मान ली है। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस महीने का राशन ओटीपी के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकेगा। संगठन ने इसे उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। फेडरेशन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राशन व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और ऐसे समय में बढ़ती कीमतों का असर उनकी मुश्किलें और बढ़ा रहा है। इसलिए राशन के माध्यम से सस्ती चीनी सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
बाढ़ प्रभावित बंगाल में सस्ती चीनी समेत जरूरी सामान राशन में देने की मांग
संगठन की ओर से जारी सूचना में सरकार से यह भी आग्रह किया गया है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इससे बाजार में बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विश्वंभर बसु ने इस मुद्दे को लेकर लोगों से एकजुट होने की अपील की है। संगठन का मुख्य जोर बाढ़ से प्रभावित लोगों को महंगाई के दबाव से राहत दिलाने और राशन व्यवस्था के जरिए जरूरी खाद्य सामग्री सुलभ कराने पर है।