कोलकाता : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि राज्य में हालात अब बदल गए हैं और उनकी सरकार ‘गौमाता’ की रक्षा करेगी तथा साधु-संतों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी। शुभेंदु अधिकारी ने यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में बांगुड़ जागरण मंच द्वारा आयोजित भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी धर्म का पालन करने या उसे बढ़ावा देने से डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘बिना किसी झिझक के भगवद्गीता का पाठ करें और इसे बांटें, हनुमान चालीसा बांटें। हरे कृष्ण मंत्र का जाप करें, शंख बजाएं; डरने की कोई जरूरत नहीं है। मौसम बदल गया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार आ गई है। ‘गौमाता’ की रक्षा करने वाली सरकार आ गई है।’’ इस कार्यक्रम में 11,000 लोगों ने एक साथ भगवद्गीता का पाठ किया। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ‘‘साधु-संतों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी।’’ उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ सतर्क रहने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम सभी को उन ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के खिलाफ एकजुट और सतर्क रहना होगा, जो ‘कश्मीर मांगे आजादी’ के नारे लगाते हैं।’’