बंगाल सरकार ने स्वास्थ्य साथी, आयुष्मान कार्ड लौटाने की समय सीमा बढ़ाई

बंगाल सरकार ने स्वास्थ्य साथी, आयुष्मान कार्ड लौटाने की समय सीमा बढ़ाई
Published on: 

कोलकाता : बंगाल सरकार ने राज्य स्वास्थ्य योजना (डब्ल्यूबीएचएस) के तहत आने वाले अपने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके पंजीकृत आश्रितों के लिए स्वास्थ्य साथी और आयुष्मान भारत कार्ड लौटाने की समयसीमा एक महीने बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्ड को लौटाने और निर्धारित घोषणा पत्र के साथ इसका प्रमाण जमा करने की पिछली समयसीमा 31 अक्टूबर थी।वित्त विभाग के चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बड़ी संख्या में कर्मचारी, पेंशनभोगी और उनके लाभार्थी अभी तक कार्ड लौटाने की प्रक्रिया पूरी करने तथा जरूरी दस्तावेज जमा करने में विफल रहे हैं। सरकार ने बताया कि यह निर्देश अखिल भारतीय सेवा (एआईएस) के अधिकारियों समेत सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों तथा डब्ल्यूबीएचएस के तहत उनके पंजीकृत आश्रितों पर लागू होगा, जिनके पास स्वास्थ्य साथी और/या आयुष्मान भारत कार्ड हैं। आदेश में कहा गया है कि नौ अक्टूबर को जारी पिछले आदेश के अन्य सभी नियम, शर्तें और निर्देश पहले की तरह लागू रहेंगे। सरकार ने कार्यालय प्रमुखों, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) और पेंशन स्वीकृति प्राधिकरणों को बढ़ाई गई समयसीमा के भीतर निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News