कल्याणी में स्कूल की छत पर विस्फोट !

Bengal Election 2026: Bomb Blast in Kalyani School Near TMC Rally Venue.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : शनिवार को नदिया जिले के कल्याणी थाना अंतर्गत सगुना ग्राम पंचायत क्षेत्र के एक स्कूल की छत पर बम विस्फोट से जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार घोड़ागाछा माध्यमिक शिक्षा केंद्र की दूसरी मंजिल पर स्थित अटारी की छत पर में एक के बाद एक बम फटे। धमाका इतना जोरदार था कि स्कूल की इमारत हिल गई और छत पर लगे एस्बेस्टस के परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह रही कि विस्फोट के समय स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी, जिससे कोई छात्र हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि जिस स्कूल में विस्फोट हुआ, उसके ठीक बगल वाले मैदान में एक चुनावी मंच तैयार किया गया था।

बाल-बाल बचे छात्र, जांच में जुटी पुलिस, ड्रोन लगाये गये काम में

धमाके की आवाज सुनते ही स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी दौड़कर छत पर पहुंचे, जहां उन्हें धुएं के गुबार के साथ एक बम भी दिखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी कल्याणी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है। पुलिस अब ड्रोन उड़ाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आसपास के इलाकों या स्कूल की छत पर और भी बम छिपाकर रखे गए हैं। इस घटना ने बंगाल की चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है। सत्ताधारी दल तृणमूल ने सीधे तौर पर इसके लिए भाजपा पर साजिश रचने का आरोप लगाया है हालांकि स्थानीय भाजपा नेतृत्व का आरोप है कि इसके पीछे तृणमूल का हाथ है। वहीं स्थानीय लोग स्कूल जैसी जगह पर बम मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। मामले में पुलिस का कहना है कि इलाके में चेकिंग और गश्त बढ़ा दी गयी है। जांच जारी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in