बंगाल 10 साल में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था, लक्ष्य 40 लाख करोड़

राज्य के लिए ममता का बड़ा आर्थिक रोडमैप
बंगाल 10 साल में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था, लक्ष्य 40 लाख करोड़
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। शुक्रवार को अपनी पार्टी के घोषणापत्र के माध्यम से उन्होंने घोषणा की है कि अगले 10 वर्षों के भीतर बंगाल को देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया जाएगा। इसके साथ ही, अगले 5 वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को 40 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

घोषणापत्र में तृणमूल ने कहा है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नये अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत ग्लोबल ट्रेड सेंटर, आधुनिक लॉजिस्टिक हब और बंदरगाह आधारित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि बंगाल को पूर्वी भारत के प्रमुख व्यापारिक प्रवेशद्वार के रूप में स्थापित किया जा सके।

राज्य सरकार ने अपनी उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में नाममात्र जीडीपी लगभग 6 गुना बढ़ा है, जबकि प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है। करीब 1.72 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का दावा किया गया है। पूंजीगत व्यय में 18 गुना और भौतिक क्षेत्र में 7 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही, बेरोजगारी दर में 45.65% की कमी का भी दावा किया गया है। सरकार का कहना है कि हाल के वर्षों में GSDP और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बुनियादी ढांचा और निवेश योजनाएं समय पर लागू होती हैं, तो राज्य की अर्थव्यवस्था को नयी गति मिल सकती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in