

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में अवैध घुसपैठ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुलतली थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात गोदाबाड़ इलाके में छापेमारी कर 18 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सभी लोगों ने एजेंटों के नेटवर्क की मदद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।
18 लोगों में 6 बच्चे भी हैं शामिल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ विदेशी नागरिक गुप्त रूप से रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर संदिग्धों को पकड़ लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में पुरुषों और महिलाओं के अलावा छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और उनकी नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सभी को निगरानी में रखा जाएगा।
ईंट भट्टों में कर रहे थे मजदूरी
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि पकड़े गए कई लोग पिछले करीब तीन वर्षों से भी ज्यादा समय से क्षेत्र में रह रहे थे। पहचान छिपाने के लिए कुछ लोग स्थानीय ईंट भट्टों में मजदूरी का काम कर रहे थे, ताकि उन पर किसी का ध्यान न जाए।
भेजा जाएगा बांग्लादेश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों और पहचान संबंधी सत्यापन पूरा होने के बाद सभी को निर्धारित होल्डिंग सेंटर भेजा जाएगा। इसके बाद संबंधित प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।