बेलूड़ के वोटबागान में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग

इलाके में मची अफरा-तफरी
Fire Breaks Out in Multi-Story Building at Belur Vote Bagan
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: बेलूड़ के वोटबागान इलाके में आज दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा काशी मंडल लेन स्थित एक रिहायशी मकान में हुआ। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और हवा में उठते काले धुएं के गुबार ने पूरे आसमान को ढक लिया। चूंकि यह एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, इसलिए स्थानीय निवासियों में भारी दहशत फैल गई और लोग सुरक्षा के लिए तुरंत सड़कों पर निकल आए।

दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बेलूड़ थाने की पुलिस बल और दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। संकरी गली होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

पुलिस और दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नंबर काशी मंडल लेन स्थित यह तीन मंजिला मकान शेख कलीमुद्दीन का है। आग मुख्य रूप से इमारत की दूसरी मंजिल के एक बंद कमरे में लगी थी, जहां घरेलू फर्नीचर के साथ भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। प्राथमिक जांच के आधार पर अधिकारियों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इस घटना में मकान के सामान को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in