बेलूड़ हाई स्कूल में बवाल, प्रिंसिपल से मांगा जवाब

अनुचित प्रस्ताव को लेकर क्षोभ आया सामने
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: बेलूड़ हाई स्कूल में एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर अशालीन व्यवहार करने के आरोप के बाद बुधवार को स्कूल परिसर में हंगामा मच गया। आरोप है कि विजुअल आर्ट्स के शिक्षक ने 11वीं और 12वीं कक्षा की कुछ छात्राओं को कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरें और संदेश भेजे। छात्राओं ने शिक्षक पर अनुचित प्रस्ताव देने का भी आरोप लगाया है।

छात्राओं ने किया प्रधानाध्यापक के कक्ष का घेराव

मामले की जानकारी सामने आने के बाद छात्राओं में नाराजगी फैल गई। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानाध्यापक के कक्ष का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।

इस बीच प्रधानाध्यापक की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो गए। प्रधानाध्यापक का दावा है कि उन्होंने मामले की जानकारी पहले ही उच्चतर अधिकारियों को दे दी थी। वहीं, संबंधित अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली थी। इसे लेकर छात्राओं और प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।

प्रधानाध्यापक से लिखित स्पष्टीकरण की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की सूचना समय पर उच्च अधिकारियों को क्यों नहीं दी गई, इस पर प्रधानाध्यापक लिखित स्पष्टीकरण दें। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं ने प्रधानाध्यापक की भूमिका की भी जांच की मांग की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in