बेलघरिया रेल ब्रिज की मरम्मत में देरी से बढ़ी परेशानी

3 महीने का काम हुआ लंबा,जाम से त्रस्त हुए चार जिलों के यात्री
Belgharia Rail Bridge Repair Delay: Passengers Facing Hardship
मरम्मत कार्य के लिए बंद है बेलघरिया रेल ब्रिज
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बेलघरिया: उत्तर 24 परगना के बेलघरिया में स्थित महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की मरम्मत में हो रही देरी अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गई है। जनवरी 2026 से बंद पड़े इस पुल के कारण न केवल स्थानीय लोग, बल्कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया जिले के बीच सफर करने वाले हजारों यात्री हर दिन भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

सुरक्षा कारणों से बंद है ब्रिज

जांच के दौरान पुल के कई गर्डरों में गंभीर दरारें और खामियां पाए जाने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसे पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया था। शुरुआती योजना के अनुसार, मरम्मत कार्य को 3 महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाना था, लेकिन अब यह समय सीमा बीतती जा रही है और काम अब भी अधूरा है।

चारों ओर भीषण ट्रैफिक जाम

ब्रिज बंद होने के कारण सारा ट्रैफिक अब बीटी रोड, नीलगंज रोड और कल्याणी एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया गया है। वैकल्पिक रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से सुबह और शाम के समय इन सड़कों पर भीषण जाम लग रहा है। दफ्तर जाने वाले यात्रियों और छात्रों को अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों का भारी नुकसान हो रहा है।

प्रशासन का पक्ष

इस मामले पर कमरहट्टी नगर पालिका के चेयरमैन गोपाल साहा ने कहा कि पुल की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। गर्डरों की स्थिति काफी खराब थी, इसलिए मरम्मत कार्य में सावधानी बरती जा रही है। काम पूरा होने के बाद ही इसे यातायात के लिए खोला जाएगा। हालांकि, स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने मांग की है कि कार्य में तेजी लाई जाए क्योंकि इसके चलते उनके व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in