बेलडांगा हिंसा : तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को किया खारिज

बेलडांगा हिंसा : तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को किया खारिज
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बेलडांगा मामले काे लेकर तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। तृणमूल ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां सहयोग मिलने के बावजूद अक्सर ऐसे दावे करती रहती हैं। भाजपा ने तृणमूल पर पिछले महीने बेलडांगा में हुए दंगों की एनआईए द्वारा की जा रही जांच का विरोध करने और उसमें बाधा डालने का आरोप लगाया। एक पोस्ट में प्रदेश भाजपा ने दावा किया कि सरकार बेलडांगा हिंसा की एनआईए जांच का विरोध कर रही है और कथित तौर पर मामले से संबंधित दस्तावेजों को केंद्रीय एजेंसी को सौंपने से इनकार कर दिया है। इन आरोपों का जवाब देते हुए तृणमूल प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियां सभी आवश्यक विवरण उपलब्ध कराए जाने के बावजूद अक्सर ऐसे आरोप लगाती हैं। उन्होंने उपहास उड़ाते हुए कहा, ‘इन एजेंसियों की सफलता के बारे में सभी लोग जानते हैं।

क्या है मामला

पड़ोसी राज्य झारखंड में एक स्थानीय प्रवासी मजदूर की मौत के बाद मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में 16 जनवरी को हिंसा भड़क गई थी। इस घटना के विरोध में प्रदर्शन और हंगामे के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध किये जाने के साथ-साथ तोड़फोड़ और पुलिस के साथ झड़प के मामले सामने आए। गृह मंत्रालय के आदेश पर एनआईए ने राज्य पुलिस से जांच अपने हाथ में ले ली और मामला दर्ज किया। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड में बेलडांगा निवासी प्रवासी मजदूर की कथित मौत के विरोध में 16 जनवरी को लगभग छह घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग 12 को अवरुद्ध कर दिया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in