Bathinda News: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर का मर्डर !

अस्पताल की पार्किंग में कार से मिली लाश
Bathinda News: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर का मर्डर !
Published on: 

बठिंडा - बुधवार देर शाम आदेश अस्पताल की पार्किंग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक खड़ी कार से तेज बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें एक 30 से 35 साल की महिला की लाश मिली, जिसकी पहचान हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान कमल कौर के रूप में हुई है, जो लुधियाना के लक्ष्मण नगर की रहने वाली थीं और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। लाश मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। एस.पी. सिटी नरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक संदिग्ध कार से बदबू आने की जानकारी मिलने पर जांच की गई, जिसमें एक महिला का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, कार छोड़कर फरार हुए संदिग्ध की तलाश जारी है।

जिस कार में महिला का शव मिला, उस पर लुधियाना का नंबर प्लेट लगा हुआ था, लेकिन पुलिस को शक है कि नंबर फर्जी हो सकता है। इसी सिलसिले में लुधियाना आरटीओ से वाहन से जुड़ी जानकारी मांगी गई है और एक पुलिस टीम को लुधियाना भेजा गया है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है—चाहे वह हत्या की वजह हो, पहचान छिपाने की कोशिश हो, या फिर शव को यहां लाकर छिपाने का इरादा। फिलहाल कार को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शहर के बीचोंबीच इस तरह की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने कोई संदिग्ध हरकत देखी हो या इस गाड़ी को पहचानता हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News