बशीरहाट में घर से लाखों के आभूषण चोरी

Basirhat: Bold Robbery in Hasnabad, Jewelry worth Lakhs Stolen
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट: उत्तर 24 परगना जिले के हसनाबाद थाना अंतर्गत पूर्व खजूरबेड़िया इलाके में बीती रात एक दुस्साहसिक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी पारमिता दास के घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया।

पेड़ के सहारे घर में घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात का भोजन कर सो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि देर रात चोर घर के बगल में स्थित एक पेड़ के सहारे ऊपर चढ़े और सीढ़ियों के रास्ते भीतर दाखिल हुए। चोरों ने काफी समय तक घर में तांडव मचाया और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर इत्मीनान से कीमती सामान तलाशे। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं।

लाखों का नुकसान, इलाके में दहशत

पीड़ित परिवार का दावा है कि सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में पीतल और कांसे के पुराने व कीमती बर्तन भी चोरी हुए हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्त की कमी के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

तफ्तीश में जुटी हसनाबाद पुलिस

सूचना मिलते ही हसनाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in