सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : बशीरहाट के बादुड़िया थान अंतर्गत तेतुलिया-मछलंदपुर रोड पर शुक्रवार की सुबह घटी सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि बस में सवार यात्रियों में 20 यात्री घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने मछलंदपुर जा रही यात्रियों से भरी डीएन-35 रूट की बस को पीछे से धक्का मार दिया। बस और ट्रक के बीच एक मैजिक गाड़ी थी, जिसमें अतिरिक्त यात्री भरे हुए थे। उस मैजिक के पीछे तीन यात्री लटके हुए थे। अचानक हुई टक्कर से तीनों सड़क पर गिर पड़े। उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। बीस से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बादुड़िया के रुद्रपुर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। स्थानीय व्यवसायी संघ के सदस्य वसीम अकरम ने कहा कि इस सड़क पर हर दिन हजारों लोग यात्रा करते हैं लेकिन यहां ट्रैफिक पुलिस की उचित व्यवस्था नहीं रहती नतीजतन, ऐसी दुखद दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और सीधे सड़क पर सामने से आ रही बस को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेतुलिया-मछलंदपुर सड़क बहुत व्यस्त है, लेकिन यातायात नियंत्रण ठीक नहीं है। उन्होंने तत्काल यहां ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने साथ ही इलाके के केओशा, रामचंद्रपुर, चतरा और नर्सिंग होम चौराहों पर बैरिकेड लगाने की मांग की। लोगों ने पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने वहां पहुंचकर परिस्थिति को नियंत्रित किया।