

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक नियमों की घोषणा की है। ये नियम 25 सितंबर से 8 अक्टूबर, 2025 तक प्रभावी रहेंगे ताकि त्योहार के दौरान भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जा सके। बैरकपुर पुलिस कमिश्नर मुरलीधर ने मोटर वाहन अधिनियम और पश्चिम बंगाल यातायात विनियमन अधिनियम के तहत इन आदेशों को जारी किया है। बुधवार को इस बाबत बैरकपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर पूजा ट्रैफिक गाइड भी जारी कर दिया गया। ट्रैफिक व्यवस्था में किये गये बदलाव को लेकर डीसी ट्रैफिक अम्लान कुसुम घोष ने बताया कि कल्याणी एक्सप्रेसवे, घोष पाड़ा रोड और बैरकपुर-बारासात रोड पर बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं कई जगहों पर सभी वाहनों पर रोक व कई जगहों पर डायवर्सन किया जायेगा जिसका समय तृतीया (25 सितंबर) को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक, चतुर्थी (26 सितंबर) से नवमी (1 अक्टूबर) दोपहर 2 बजे से अगले दिन सुबह 1 बजे से 3 बजे तक, दुर्गा पूजा विसर्जन (2-5 अक्टूबर) दोपहर 2 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक व लक्ष्मी पूजा विसर्जन (7-8 अक्टूबर) को दोपहर 2 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि एलपीजी सिलिंडर, सीएनजी, पेट्रोलियम, तेल और आक्सजीन, दूध और दवाइयां, सब्जियां, फल और मछली की गाड़ियों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
ट्रैफिक स्लोगन प्रतियोगिता का होगा आयोजन
बैरकपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए एक नयी और रचनात्मक पहल की शुरुआत की है। लोगों को ट्रैफिक नियमों से जोड़ने और उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से एक ट्रैफिक स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए प्रतिभागियों को अपने नाम और संपर्क नंबर के साथ अपना स्लोगन एक गूगल ड्राइव लिंक पर अपलोड करना होगा। पुलिस द्वारा चुने गए शीर्ष 20 स्लोगन को पुरस्कृत किया जाएगा और प्रत्येक विजेता को 5000 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की ट्रैफिक समस्या या आपात स्थिति में लोग सीधे 9147890595 नंबर पर फोन करके पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
कई जगहों वाहनों पर रोक रहेगी तो कई जगहों पर होगा डायवर्सन
कल्याणी एक्सप्रेसवे और आस-पास के क्षेत्रों में जैसे ब्लाइंड स्कूल मोड़, राजेंद्रपुर मोड़, सुभाष नगर कॉलोनी (केवल ऑटो और टोटो के लिए), राजेंद्रपुर पेट्रोल पंप कटआउट, राजेंद्रपुर मामुदपुर कटआउट, घोष पाड़ा रोड और संबंधित क्षेत्र, कोना मोड़, डीएन नंबर 05 बस स्टैंड, बाग मोड़ (गांधी मोड़ और अन्य क्लबों की ओर), पलता स्टेशन रोड क्रॉसिंग, बादामतला मोड़, चार्टला मोड़, संतनगर मोड़, निमटोला मोड़ उथपुर बाजार मोड़, उथपुर राय पाड़ा मोड़, कुलीदेपो मोड़, स्टोर बाजार। वहीं बी.टी. रोड और संबंधित क्षेत्र गिरजा क्रॉसिंग (सोदपुर मोड़ के लिए), 11 नंबर बस स्टैंड क्रॉसिंग, नेताजी कॉलोनी (छोटे वाहन और निजी वाहन) पर वाहनों पर रोक होगी। अन्य प्रमुख सड़कों और चौराहों में नैहाटी हॉस्पिटल 02 नंबर गेट और नैहाटी हॉस्पिटल रोड, एसएन बनर्जी रोड पर बैरकपुर स्टेशन, पाइप रोड, सिंधु स्टोर मोड़ (फीडर रोड पर), पंजाब नेशनल बैंक (पावर हाउस मोड़), शीतलामाता लेन (ए.के. मुखर्जी रोड पर), दमदम पार्क लेफ्ट टर्न (जेसोर रोड पर), काजी पाड़ा क्रॉसिंग (जेसोर रोड पर), मृणालिनी क्रॉसिंग (जेसोर रोड पर) प्रमुख हैं। वहीं मिलन नगर तेतुलतल्ला मोड़, यहां से सभी वाहन बाग मोड़ की तरफ मोड़ दिए जाएंगे। हालीशहर तेतुलतल्ला मोड़ घोष पाड़ा रोड पर बैरकपुर की तरफ जाने वाली निजी कारें और टोटो, बीजपुर वर्कशॉप रोड की तरफ मोड़ दिए जाएंगे। बागमोड़ चर्च मोड़, यहां से केवल मोटरसाइकिल कल्याणी एक्सप्रेसवे की तरफ मोड़ी जाएगी। अनन्या क्रॉसिंग (बी.टी. रोड पर): यहां से केवल कोलकाता की तरफ जाने वाले ऑटो रिक्शा को डनलप मोड़ की तरफ मोड़ दिया जाएगा।