बैरकपुर-हुगली को जोड़ने वाले पुल की मांग

भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
Demand for New Bridge Connecting Barrackpore and Hooghly Raised in Assembly
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा में बैरकपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक कौस्तव बागची ने बैरकपुर और हुगली जिले के निवासियों की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांग को बेहद मजबूती से उठाया। उन्होंने विधानसभा के पटल पर दोनों जिलों के बीच एक संपर्क पुल (Connecting Bridge) के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

हजारों यात्रियों को मिलेगी ट्रैफिक से राहत

परिवहन विभाग से अपील करते हुए विधायक कौस्तव बागची ने कहा कि यदि बैरकपुर और हुगली को जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण कराया जाता है, तो इससे प्रतिदिन आवाजाही करने वाले हजारों आम लोगों, व्यापारियों और छात्रों का समय और पैसा दोनों बचेगा। वर्तमान में लंबी दूरी तय करके सफर करने वाले यात्रियों को इस पुल के बनने से सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे न केवल ट्रैफिक का दबाव कम होगा बल्कि दोनों जिलों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

हुगली के विधायकों का मिला समर्थन, उम्मीदें बढ़ीं

कौस्तव बागची के इस जनहितैषी प्रस्ताव का सदन में उपस्थित हुगली जिले के माननीय विधायकों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर खुलकर समर्थन किया और अपनी सहमति जताई। जनप्रतिनिधियों के इस सकारात्मक रुख से स्थानीय लोगों में उम्मीद की किरण जगी है। बागची ने विश्वास जताया कि जनता के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार और परिवहन विभाग इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द से जल्द मंजूरी देकर धरातल पर काम शुरू कराएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in