

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : बैरकपुर शिल्पांचल में इस वर्ष दुर्गापूजा को लेकर श्रद्धालुओं में अद्भुत और अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र की विभिन्न पूजा कमेटियों ने अपने उद्घाटन समारोह को बेहद यादगार बनाने के लिए जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया। बरानगर के नेताजी कॉलोनी लो-लैंड और आगरपाड़ा यंग मेन्स एसोसिएशन ''आमरा सबाई क्लब'' के दुर्गापूजा पंडाल के उद्घाटन के साथ ही यहां दर्शक पहुंचते दिखे। इसके साथ ही पंचमी की शाम बैरकपुर के रॉयल पार्क की प्रसिद्ध और ऐतिहासिक दुर्गापूजा का उद्घाटन मंत्री अर्जुन सिंह ने किया। अंचल में इस बार भी कई पूजा पंडालों ने कई आकर्षक और जागरूकता पर आधारित थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण करवाया है। इस क्रम में बेलघरिया मानस बाग सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति ने पर्यावरण अनुकूल होने का संदेश देते हुए बांस, लकड़ी, सूप, डलिया और हस्तनिर्मित पंखों जैसी पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से आकर्षक मंडप निर्मित किया। इसका उद्घाटन आलमबाजार रामकृष्ण मठ के मधु महाराज और स्थानीय विधायक कौस्तव बागची ने मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं बरानगर नेताजी लो लैंड कमेटी ने हरिद्वार की गंगा आरती को पूजा का थीम बनाया है जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा।
ऐतिहासिक इमारतों के तर्ज पर बने कलात्मक पंडाल भी खींच रहे लोगों का ध्यान
बैरकपुर शिल्पांचल की पूजा कमेटियों ने अपने बेमिसाल थीम, बारीक कारीगरी और जीवंत कलाकृतियों से हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया है। कांचरापाड़ा 16 पल्ली पूजा कमेटी ने अपने 50वें वर्ष के आयोजन के उपलक्ष्य में कोलकाता की ऐतिहासिक ''राइटर्स बिल्डिंग'' के तर्ज पर भव्य मंडप का निर्माण किया है, जो भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और बीबीडी बाग के महान नायकों की याद दिलाता है। वहीं, बीजपुर के महाजाति क्लब ने अपने 70वें वर्ष के आयोजन में राजस्थान के सुप्रसिद्ध ''हवा महल'' के तर्ज पर 953 जालीदार खिड़कियों वाला अद्भुत मंडप और चंदननगर की प्रसिद्ध उत्कृष्ट प्रतिमा स्थापित की है। इन अनूठे मंडपों, भव्य रोशनी और जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दीदार करने के लिए पंचमी की शाम से ही पंडालों में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी।