पुलिसकर्मी के हाथ पर टैटू देख भड़के बैरकपुर के भाजपा विधायक कौस्तव बागची !

टीटागढ़ में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बैनर फटने पर हुआ हंगामा;
Barrackpore BJP MLA Koustav Bagchi Clashes with Police Over Tattoo in Titagarh
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

टीटागढ़ : उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में रविवार सुबह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीर वाला एक बैनर फटे होने को लेकर भारी तनाव फैल गया। घटना टीटागढ़ नगरपालिका के वार्ड 17 स्थित टाटा गेट इलाके में एक टीएमसी कार्यालय के सामने की है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बैनर फटे होने की शिकायत मिलने पर बैरकपुर से भाजपा विधायक कौस्तव बागची तुरंत मौके पर पहुंचे। इसी दौरान स्थिति को संभालने आई खरदह थाने की पुलिस के साथ भाजपा विधायक की तीखी बहस हो गई। बहस के बीच, विधायक कौस्तव बागची की नजर एक पुलिसकर्मी के हाथ पर बने टैटू पर पड़ी, जिसे देख वे भड़क गए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस पर कड़ी आपत्ति जताई और सवाल उठाया कि एक अनुशासित सुरक्षा बल (Disciplined Force) के कर्मी के हाथ पर टैटू कैसे हो सकता है।

टीटागढ़ थाने में कटमनी को लेकर की गयी शिकायत

इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने बैनर फाड़ने का आरोप तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर लगाया है, जबकि स्थानीय टीएमसी नेता प्रशांत चौधरी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर इलाके में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है। इसी बीच, एक स्थानीय ठेकेदार और भाजपा कार्यकर्ता अजय बाग ने टीटागढ़ थाने में 'कटमनी' और मारपीट की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in