बारासात में स्ट्रॉन्ग रूम में 17 मिनट तक सीसीटीव बंद रहने का आरोप, टीएमसी का हंगामा

Barasat Strong Room Controversy: TMC Alleges 17-Minute CCTV Blackout
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : पश्चिम बंगाल के बारसात में सोमवार को होने वाली मतगणना से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बारसात गवर्नमेंट कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम के सीसीटीवी कैमरे कथित तौर पर 17 मिनट तक बंद रहने के कारण तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भारी नाराजगी जताई है।

17 मिनट का 'ब्लैकआउट' और टीएमसी का विरोध

शनिवार सुबह अशोकनगर से टीएमसी उम्मीदवार नारायण गोस्वामी ने आरोप लगाया कि सुबह 8:05 बजे से 8:22 बजे तक स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर के दृश्य बाहर लगी स्क्रीन पर दिखाई नहीं दे रहे थे। उनका दावा है कि इन 17 मिनटों के दौरान सीसीटीवी कैमरों को जानबूझकर बंद किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही गोस्वामी समर्थकों के साथ मौके पर पहुँचे, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को संभालने के लिए एसडीपीओ (SDPO) को भारी केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ मोर्चा संभालना पड़ा।

चुनाव आयोग की सफाई और फुटेज की मांग

दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने टीएमसी के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। आयोग का कहना है कि स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर के कैमरे पूरी तरह ठीक काम कर रहे थे। आयोग के मुताबिक, किसी ने बाहर लगा टीवी बंद कर दिया था, जिस वजह से दृश्य गायब हो गए थे। हालांकि, टीएमसी उम्मीदवार इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को ईमेल भेजकर उन विवादित 17 मिनटों के अंदर और बाहर के सीसीटीवी फुटेज की मांग की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in