

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के बारासात के दत्तपुकुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। अन्नपूर्णा योजना में कथित रूप से वंचित किए जाने के विरोध में प्रदर्शन के दौरान 'सेवा सेतु अभियान' शिविर में तोड़फोड़ करने और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री की तस्वीरें जलाए जाने के मामले में पुलिस ने एक और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार की गई महिला की पहचान रीमा बीबी के रूप में हुई है, जो जयपुल की रहने वाली हैं। पुलिस ने बुधवार को इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे इस पूरे मामले की जांच को और गति मिल गई है।
ज्ञात हो कि यह घटना बीते 2 अक्टूबर को बारासात नंबर 1 ब्लॉक कार्यालय में 'सेवा सेतु अभियान' शिविर के दौरान हुई थी। उस समय कुछ महिलाओं ने योजनाओं का लाभ न मिलने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों वाले फ्लेक्स-बैनर को फाड़ दिया, उसमें आग लगा दी और तस्वीरों पर लात मारने के साथ-साथ सरकारी शिविर में भारी तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न वीडियो फुटेज और तस्वीरों की जांच करके आरोपियों की पहचान शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर चुकी है, और अब तीसरी गिरफ्तारी के बाद मामले की कड़ाई से जांच जारी है।