असमय बारिश बनी काल, शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

Barasat News: 51-Year-Old Man Dies Due to Short Circuit Amid Rain
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : पश्चिम बंगाल के बारासात में असमय हुई बारिश ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। बारासात के नौपाड़ा कालीबाड़ी राशन दुकान इलाके में बारिश के दौरान हुए एक संदिग्ध शॉर्ट सर्किट हादसे में 51 वर्षीय सुमन मुखर्जी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

घटना का विवरण

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे के वक्त सुमन मुखर्जी घर में अकेले थे। बारिश शुरू होने के कुछ देर बाद पड़ोसियों को उनके घर से कुछ असामान्य और तेज आवाजें सुनाई दीं। संदेह होने पर जब पड़ोसी दौड़कर उनके घर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो उनके होश उड़ गए। सुमन बाबू जमीन पर बेसुध पड़े थे।

पुलिसिया कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बारासात थाने की पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि बारिश की वजह से घर के बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, जिसकी चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि असमय बारिश कई बार बिजली के उपकरणों और जर्जर तारों के लिए खतरनाक साबित होती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in