बारासात में महिला भाजपा कर्मी पर हमले के आरोप में बूथ अध्यक्ष गिरफ्तार

Barasat booth president arrested for assaulting a female BJP worker
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बारासात जिला भाजपा की आंतरिक कलह एक बार फिर रक्तरंजित रूप में सामने आई है। इलाके पर वर्चस्व को लेकर भाजपा के दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक महिला कर्मी का सिर फट गया। आरोप है कि भाजपा के ही एक बूथ अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला कर्मी पर हमला किया। पुलिस ने अभियुक्त बूथ अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बारासात नगर पालिका के 15 नंबर वार्ड के विजयनगर इलाके की है। घायल भाजपा नेत्री सुभद्रा अधिकारी ने पिछले नगर निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बुधवार सुबह जब वह घर लौट रही थीं, तभी स्थानीय बूथ अध्यक्ष सुदर्शन दास और उसके गुर्गों ने उन पर हमला बोल दिया। सुभद्रा का आरोप है कि उन्हें बांस, जंजीर और लाठियों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में उन्हें बारासात मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

पुराना है विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुभद्रा और सुदर्शन के बीच वर्चस्व की लड़ाई काफी पुरानी है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी दोनों के बीच विवाद सार्वजनिक हुआ था। पार्टी नेतृत्व ने कई बार सुलह की कोशिश की, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस घटना पर कटाक्ष करते हुए स्थानीय तृणमूल पार्षद समीर कुंडू ने कहा, "जो लोग महिला सुरक्षा पर लंबे-चौड़े भाषण देते हैं, उनके राज में उनकी अपनी ही महिला नेत्री सुरक्षित नहीं हैं।" वहीं, बारासात संगठनात्मक जिला भाजपा अध्यक्ष राजीव पोद्दार ने इसे राजनीतिक के बजाय पारिवारिक या स्थानीय विवाद बताया है और कहा है कि पार्टी स्तर पर इसकी जांच की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in