दीघा घुमाने ले जाकर बलात्कार का आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार

barasat
Published on

बारासात : एक व्यक्ति पर अपनी साली को घुमाने ले जाकर उससे बलात्कार करने और फिर उसे किराये के मकान में रखकर कई दिनों तक शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। इस मामले में मिली शिकायत पर बारासात के अशोकनगर थाने की पुलिस ने पीड़िता के जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बारासात कोर्ट में पेश कर पुलिस ने हिरासत में लिया है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के परिवारवालों ने 27 नवंबर को उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज करवायी थी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि उनकी नाबालिग बेटी कई दिनों से लापता थी। रिश्तेदारों के यहां तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चला। हालांकि कुछ दिनों बाद वह किशोरी घर लौट आयी। बाद में वह अपनी मां के साथ फिर थाने गई। वहां उसने अपने जीजा के खिलाफ उससे बलात्कार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि अभियुक्त उसे दीघा घुमाने ले गया और उससे बलात्कार किया। वहीं से प्रताड़ना शुरू हुई। बाद में उसे हाबरा में एक किराए के मकान में रखा गया और कई दिनों तक धमकाया और परेशान किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। वहीं शिकायत की खबर पाकर अभियुक्त वहां से भाग निकला। फरार अभियुक्त को रविवार को पुलिस ने मानिकतला इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in