सन्मार्ग संवाददाता
बारासात: गुरुवार को बारासात के कॉलोनी मोड़ इलाके में एक जूता शोरूम की लिफ्ट के नीचे से एक व्यक्ति का बरामद किये जाने को लेकर वहां हड़कंप मच गया। जानकारी पाकर बारासात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका का नाम शुभ्रजीत धर (41) है। वह ठेकादार का काम करता था। शुभ्रजीत बैरकपुर के नयाबस्ती का रहने वाला है। उसकी मौत कैसे हुई? वह किसी दुर्घटना का शिकार हो गया या फिर उसकी किसी ने हत्या कर दी है, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। छानबीन के क्रम में पुलिस ने शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ भी की। बताया गया है कि उस शोरूम में लिफ्ट का काम चल रहा था। पता चला है कि बुधवार की दोपहर से शुभ्राजीत का पता नहीं चल पा रहा था। कई जगहों पर उसकी तलाश की गई। रात के समय कुछ लोगों ने लिफ्ट के नीचे फर्श पर किसी को लेटा हुआ देखा। इसके बाद बारासात थाने की पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। पुलिस ने फिर युवक को बाहर निकाला तो पता चला कि वह शुभ्राजीत धर का शव है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शुभ्रजीत की मृत्यु कैसे हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि कोई सुराग हाथ लग सके। वहीं मृतक के परिजनों ने घटना की जांच करने और इसके पीछे जो भी दोषी है उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।