बारासात : बारासात जिला पुलिस के अशोकनगर थाने की पुलिस ने मंगलवार को भुरकुंडा के उत्तर मेना माठ इलाके में अभियान चलाकर 6 अभियुक्तों को हथियार व गांजा के साथ गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 2 आग्नेयास्त्र, दो गोलियां और 31.5 किलो गांजा बरामद किया। बताया गया है कि उन अभियक्तों के विरुद्ध पहले से ही कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को उनमें से कुछ अभियुक्तों की तलाश थी। अभियुक्तों की गतिविधियों को लेकर पुलिस को कुछ जानकारियां मिली थीं जिस पर एक टीम ने इलाके में नजरदारी बढ़ायी। इस बीच उक्त इलाके में एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया मगर वह रुकने के बजाय भागने की कोशिश करने लगी तो पुलिस की टीम ने उसका पीछा कर कार रुकवायी। कार से ही हथियार व गांजा बरामद करने के बाद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त गांजा की तस्करी करने जा रहे थे। उन्हें बारसाात कोर्ट में पेश कर हिरासत में लिया गया है।