सीएम पर टिप्पणी का विरोध करने पर सिविक वॉलंटियर का हाथ तोड़ा !

Baranagar Violence: Civic Volunteer Beaten, Allegations on BJP Workers
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर 24 परगना का बरानगर इलाका राजनीतिक हिंसा की भेंट चढ़ गया है। यहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर एक सिविक वॉलंटियर की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें उसका हाथ टूट गया। इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।

विरोध करने पर सिविक वॉलंटियर पर हमला

घटना बरानगर नगर पालिका के वार्ड नंबर 15 स्थित बनोरिनी आवास परिसर के पास हुई। ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलंटियर गोविंद हाड़ी का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता सनी दे और उनके साथियों ने वहां से गुजरते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब गोविंद ने इसका विरोध किया, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में गोविंद का हाथ टूट गया और उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

TMC का आरोप बनाम BJP का इनकार

स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पार्षद बिस्वजीत बर्धन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कानून हाथ में ले रहे हैं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्श रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा उम्मीदवार सजल घोष और आरोपी कार्यकर्ता सनी दे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सनी दे का दावा है कि यह तृणमूल का रचा हुआ 'नाटक' है और उल्टा उन पर ही 5-7 लोगों ने हमला किया था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in