निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बरानगर : शुक्रवार की सुबह बरानगर के नार्दन पार्क इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने ट्राम डिपो के कर्मचारी बिकास मजूमदार पर दिनदहाड़े गोली चला दी। यह सनसनीखेज वारदात स्थानीय निवासी बिकास पर तब हुई, जब वे रोज की तरह सुबह घर से कूड़ा फेंकने के लिए निकले थे।
गोली चलाने के बावजूद, बिकास मजूमदार लक्ष्य चूक जाने के कारण बाल-बाल बच गए। हालांकि, वे गोली के बारूद के छर्रों से घायल हो गए हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुँची बरानगर पुलिस ने बताया कि हमले के बाद दोनों हमलावर बेलघरिया एक्सप्रेस-वे की ओर भाग निकले।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें यह देखा गया है कि बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है। मौके पर पहुँची स्थानीय विधायक सायंतिका बनर्जी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
विधायक ने कहा कि सरेआम इलाके में इस तरह गोलीबारी होना गंभीर विषय है और यह आवश्यक है कि पुलिस इलाके में चौकसी बढ़ाए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीआर ब्रिज, डनलप, मेट्रो की ओर जाने वाले रास्तों, बेलघरिया एक्सप्रेस वे और बाज़ार इलाकों जैसे संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि इस जानलेवा हमले के पीछे किसी पुरानी रंजिश का हाथ हो सकता है। यह चिंताजनक है क्योंकि यह इलाका पहले भी ऐसी हिंसा का गवाह रहा है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही बरानगर के टॉबीन रोड इलाके में एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएँ और बढ़ गई हैं। पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने और इलाके में शांति बहाल करने के प्रयास में जुटी है।