

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बरानगर : बरानगर में एक महिला से छेड़छाड़, मारपीट और छिनतई के गंभीर आरोप में तृणमूल श्रमिक संगठन कर्मी शंकर राउत को बरानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शंकर के साथ उसके चार अन्य करीबियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को उन्होंने बैरकपुर कोर्ट में पेश किया। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बरानगर नगर पालिका क्षेत्र के लेबूबागान इलाके में घटित हुई। कुछ दिनों पहले इलाके की एक महिला ने शंकर राउत के करीबियों पर कथित तौर पर मारपीट और छेड़छाड़ किये जाने का आरोप लगाया था। महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए थे।
महिला से छेड़छाड़ और छिनतई के आरोप में पुलिस ने की कार्रवाई
आरोप है कि स्थानीयों ने अभियुक्तों अर्पण दत्त और देवज्योति बनिक उर्फ बोनी को पकड़कर उनकी धुनाई कर दी थी। आरोप है कि इस पर अपने गुर्गों की पिटाई की खबर मिलते ही शंकर राउत अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और उन्हें भीड़ से छुड़ाकर अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद वह उन्हें इलाज के लिए बरानगर अस्पताल ले गया। पीड़िता महिला ने इस घटना के खिलाफ बरानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अस्पताल में छापेमारी की और वहां से शंकर राउत, अर्पण दत्त, देवज्योति बनिक उर्फ बोनी, देबाशीष दास और सुबल दे को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को इसदिन कोर्ट ने पुलिस हिरासत में भेज दिया।