निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता पर अवैध रूप से आए बांग्लादेशी घुसपैठिये को शरण देने और फर्जी दस्तावेज बनवाने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय निवासियों ने शनिवार देर रात खुद उस घुसपैठिये को पकड़कर हिंगलगंज थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। पत्रकारों के सामने घुसपैठिये ने भी यह स्वीकार किया है कि वह अवैध रूप से भारत आया था।
शिकायत के अनुसार, हिंगलगंज के सैंडेलर बिल ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान और वर्तमान टीएमसी पंचायत सदस्य जयनल आबेदीन ने कुछ साल पहले बांग्लादेश के सातखिरा जिले के श्यामनगर निवासी शाहिदुल गाजी को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराया था। आरोप है कि टीएमसी नेता ने फर्जी कागजात तैयार करवाने के लिए अपने सगे पिता को उस घुसपैठिये का पिता घोषित कर दिया। इसके बाद उसका वोटर कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बनवा दिए गए। टीएमसी नेता ने उसे अपने मत्स्य पालन केंद्र (मेछो भेड़ी) में छुपा कर रखा था, जहां उसने स्थानीय लड़की से शादी कर अपनी गृहस्थी भी बसा ली थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने इस बारे में कई बार पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तत्कालीन पुलिस ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। आखिरकार, शनिवार की रात ग्रामीणों ने खुद ही शाहिदुल गाजी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद से आरोपी टीएमसी नेता जयनल आबेदीन और उनका परिवार घर छोड़कर फरार है, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं इस मामले पर हिंगलगंज के बीजेपी नेता आनंद सरकार ने कहा कि वे पूरी जानकारी लेने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देंगे।