बांग्लादेश में चुनाव के दौरान हिंसा की खबरें, अब से कुछ घंटों बाद नतीजे

बांग्लादेश के अहम आम चुनाव में बृहस्पतिवार दोपहर तक 32 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया। हालांकि, मतदान छिटपुट हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा।
बांग्लादेश के सेना प्रमुख वाकर उज जमान और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस वोट डालते हुए।
बांग्लादेश के सेना प्रमुख वाकर उज जमान और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस वोट डालते हुए।
Published on

ढाकाः बांग्लादेश के अहम आम चुनाव में बृहस्पतिवार दोपहर तक 32 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया। हालांकि, मतदान छिटपुट हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा।बांग्लादेश निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट घटनाओं के बावजूद सभी केंद्रों पर मतदान जारी है। साढ़े चार बजे मतदान खत्म होने के बाद ही मतगणना शुरू हो जाएगी और रात तक पता चल जाएगा कि किसी सरकार बन रही है।

‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, अहमद ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक देशभर के 32,789 मतदान केंद्रों पर 32.88 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अब तक किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान स्थगित नहीं किया गया है। चिंता वाली कोई बात नहीं है।’’

देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है। मतदान शुरू होने के बाद देश की दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को अपने वोट डाले।

तारिक रहमान और शफीकुर रहमान ने डाले वोट

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका के रिहायशी गुलशन इलाके में स्थित गुलशन मॉडल स्कूल एवं कॉलेज में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। रहमान पार्टी के प्रमुख उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। रहमान ने मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए कहा, ‘‘मैंने मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग किया है। बांग्लादेश की जनता एक दशक से अधिक समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी।’’

बीएनपी की पूर्व सहयोगी और अब मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने मोनीपुर उच्च विद्यालय एवं कॉलेज में अपना वोट डाला। वहीं बांग्लादेश के सेना प्रमुख वाकर उज जमान ने भी ढाका के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।

एक उम्मीदवार की मृत्यु होने के कारण एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान रद्द कर दिया गया है। बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ 13वां आम चुनाव हो रहा है।

सुरक्षा के लिए 10 लाख पुलिसकर्मी तैनात

निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है, जो देश के चुनावी इतिहास में सुरक्षाकर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की गैरमौजूदगी में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। बांग्लादेश में 30 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब हसीना की अवामी लीग का चुनाव चिन्ह ‘नाव’ मतपत्र पर नहीं दिखाई दिया है।

बांग्लादेश के सेना प्रमुख वाकर उज जमान और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस वोट डालते हुए।
कानपुर लैंबॉर्गिनी दुर्घटनाः अरेस्ट के कुछ घंटे बाद ही शिवम मिश्रा छूटा, पुलिस अब कटघरे में

कुल 2028 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

कुल 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं। यूनुस ने कहा है कि वह निर्वाचित सरकार को तत्काल सत्ता सौंप देंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों से मतदान के दिन संयम, सहिष्णुता और लोकतंत्र के अनुकूल व्यवहार बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील बताया गया है। हालांकि सेना ने ढाका शहर में दो मतदान केंद्रों को ‘जोखिमपूर्ण’ बताया है। पहली बार चुनाव में सुरक्षा के लिए ड्रोन और ‘बॉडी-वॉर्न कैमरों’ (कपड़ों पर लग सकने वाले कैमरे) का उपयोग किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in