बांग्लादेश में पुजारी की हत्या, इस्कॉन ने कही यह बात

बांग्लादेश में पुजारी की हत्या, इस्कॉन ने कही यह बात
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इस्कॉन की कोलकाता इकाई ने शनिवार को बांग्लादेश के नाटोर के एक श्मशान घाट मंदिर में कथित तौर पर बांग्लादेशी चरमपंथियों द्वारा एक हिंदू पुजारी की 'हत्या' की निंदा की। इस्कॉन ने पड़ोसी देश की अंतरिम सरकार पर धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया, जिन्हें शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से 'निरंतर यातना' का सामना करना पड़ रहा है। इस्कॉन कोलकाता के प्रवक्ता राधारमण दास ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, 'बांग्लादेश में नाटोर के काशिमपुर सेंट्रल श्मशान में स्थित मंदिर पर हमले के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। कीमती सामान लूट लिया गया और मंदिर के सेवायत तरुण चंद्र दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनके हाथ-पैर बंधे हुए मिले। यहां तक कि हिंदू श्मशान भी सुरक्षित नहीं हैं।' एक वायरल वीडियो में पुजारी का शव दिखायी दे रहा है, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। हालांकि, 'सन्मार्ग' स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका। राधारमण दास के अनुसार, पुजारी को मारने से पहले संभवत: प्रताड़ित किया गया था, क्योंकि उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उन्होंने कहा, 'बदमाशों ने मंदिर में लूटपाट भी की।' राधारमण दास ने कहा कि बांग्लादेश पुलिस ने इस घटना को डकैती का मामला बताया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in