बनगांव : राष्ट्रीय राजमार्ग जेसोर रोड के दोनों ओर कई पेड़ों की अवस्था सही नहीं है। इस बीच भारी बारिश से पेड़ाें की टूटी टहनियों के गिरने से दुर्घटनाओं की आशंकाएं बन रहती हैं। जेसोर रोड से आने-जाने के क्रम में लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और यह आशंका बुधवार को सच हो गयी जब एक महिला की पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर मौत हो गयी। यह घटना बुधवार को गायघाटा थाना के अमकोला इलाके में घटी। मृतका का नाम अनिमा दास (55) है। अनिमा का जेसोर रोड से सटी सरकारी जमीन पर टिन की छत वाला एक घर है। अचानक घर पर शिरीष के बड़े पेड़ की एक बड़ी सूखी शाखा गिर गई। प्रत्यक्षदर्शी पोते रवि दास ने बताया कि तेज हवा के झोंके में शिरीष के पेड़ की एक टहनी टिन की छत तोड़कर सीधे उनकी दादी के सिर पर गिर पड़ी जिससे वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से वह अनिमा को लेकर हाबरा स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी मिठू दास ने बताया कि जेसोर रोड पर ऐसे कई पेड़ हैं जिनकी टहनियां टूटी हुई हैं। अगर इन्हें पहले नहीं काटा गया, तो और भी दुर्घटनाएँ होंगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार यही घटना होने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई दीर्घकालिक कार्रवाई नहीं की जाती। नतीजतन, जेसोर रोड पर ये प्राचीन पेड़ आतंक का कारण बन गए हैं। स्थानीय निवासी इस घटना को लेकर फिर से गुस्से में हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन पेड़ को काटने या शाखाओं की छंटाई के लिए कोई स्थायी उपाय नहीं कर रहा है।