

फीस वृद्धि नहीं, मौजूदा सत्र पूर्व व्यवस्था अनुसार
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : भारतीय जनता पार्टी अंडमान एवं निकोबार राज्य इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने 16 फरवरी को एक आपातकालीन प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हाल में हुआ बंद किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और भाजपा ने पहले ही इसका खंडन किया था। उन्होंने मीडिया कर्मियों का अल्प सूचना पर उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता के दौरान तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश मंत्री अंशुमन राय के भाजपा से इस्तीफा देने संबंधी खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने मंच पर मौजूद अंशुमन राय की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे पार्टी के साथ हैं और इस प्रकार की अफवाहें छात्रों के बीच भी फैलायी जा रही हैं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। डीम्ड यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनके वक्तव्य को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रस्ताव का शत-प्रतिशत समर्थन नहीं किया था, बल्कि केवल इसके कुछ संभावित लाभों का उल्लेख किया था। तिवारी ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में नया पाठ्यक्रम लागू करने में समय लगता है, जबकि डीम्ड यूनिवर्सिटी स्थानीय जरूरतों के अनुसार एआई, टूरिज्म, होटल मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शीघ्र शुरू कर सकती है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा फीस बढ़ोतरी नहीं किए जाने और मौजूदा सत्र को पूर्व व्यवस्था के अनुसार चलाने जैसे बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद भी अचानक विरोध तेज हो गया। तिवारी ने कहा कि भाजपा छात्रों और अभिभावकों की भावनाओं के साथ खड़ी है, परंतु छात्रों को अपने भविष्य और रोजगार की संभावनाओं पर भी विचार करना चाहिए। तिवारी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत केंद्र सरकार ने छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए हैं। उन्होंने दोहराया कि पार्टी का उद्देश्य किसी विशेष मॉडल को थोपना नहीं, बल्कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना है। प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि भाजपा के पदाधिकारी लगातार छात्रों के संपर्क में हैं और उनकी समस्याओं को प्रशासन तथा मुख्य सचिव तक पहुँचा रहे हैं। अंत में तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों की वास्तविक मांगों और उनके हितों के साथ सदैव खड़ी रहेगी।