कक्षाओं में मोबाइल पर रोक, बोर्ड ने जारी किए निर्देश

जिला विद्यालय निरीक्षकों को स्कूलों तक सर्कुलर पहुंचाने के आदेश
कक्षाओं में मोबाइल पर रोक, बोर्ड ने जारी किए निर्देश
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों के कक्षाओं में मोबाइल फोन ले जाने और उसके इस्तेमाल पर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने सभी जिलों के स्कूलों में कक्षा के दौरान छात्रों द्वारा मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है। इस संबंध में बोर्ड के अकादमिक विभाग के उप सचिव ने 6 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजा है।

स्कूल प्रमुखों तक पहुंचेगा बोर्ड का सर्कुलर

बोर्ड के पत्र में जिला विद्यालय निरीक्षकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने जिलों के स्कूलों के प्रमुखों तक आवश्यक दिशा-निर्देश और सर्कुलर पहुंचाएं। इसका उद्देश्य कक्षाओं में विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल को पूरी तरह प्रतिबंधित करना है। हालांकि पत्र में 14 जुलाई के पूर्व जारी मेमो का भी संदर्भ दिया गया है। बोर्ड ने कहा है कि संबंधित निर्देशों के आधार पर स्कूल स्तर पर जरूरी कदम उठाए जाएं। साथ ही, कुछ प्रधानाचार्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी करने की बात भी कही गई है।

पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी पर जोर

बोर्ड का यह कदम कक्षा में विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। मोबाइल फोन के कारण पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकने की आशंका को देखते हुए स्कूलों में इसके इस्तेमाल पर नियंत्रण बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तर पर निर्देश पहुंचने के बाद संबंधित स्कूल प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in