राज्यपाल व मुख्यमंत्री बनकर मंत्रियों को फोन करने वाला बाली से गिरफ्तार

अभियुक्त के विरुद्ध साइबर क्राइम की भी है शिकायत, हुई कार्रवाई
Bali Youth Arrested for Impersonating Governor and CM Transferred to Bongaon Police
अभियुक्त अभिजीत मंडल को पकड़ने के बाद थाने ले आये ओसी गौरी प्रसन्न बंधु
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हाई-प्रोफाइल हस्तियों का नाम लेकर राज्य के कई मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों को फोन करने के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस क्रम में हावड़ा के बाली थाना अंतर्गत रामनवमी तल्ला इलाके के निवासी अभिजीत मंडल (26) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अजीबोगरीब करतूत के पीछे उसका असल मकसद क्या था क्योंकि अब तक की जांच में उसके विरुद्ध किसी आर्थिक ठगी या लेनदेन की बात सामने नहीं आयी है।

फर्जी कॉल के जरिए खुद के लिए नौकरी की सिफारिश

बाली थाना प्रभारी गौरी प्रसन्न बंधु ने बताया कि मंत्रियों व अधिकारियों से मिली शिकायत पर फोन नंबर को ट्रेस किया गया और फिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि वह दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री या राज्यपाल की फर्जी पहचान बताकर मंत्रियों को फोन करता था और फिर चालाकी से अपना असली नाम लेकर खुद को नौकरी दिलवाने या अन्य मदद करने की सिफारिश करता था। हालांकि उसके विरुद्ध पहले भी कुछ शिकायतें मिली थीं मगर इस बाबत मिली शिकायत पर कार्रवाई की। बाली थाना पुलिस के अनुसार अभिजीत के खिलाफ पहले से ही उत्तर 24 परगना के बनगांव थाने में एक साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज थी। इसी पुरानी शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाली थाना पुलिस ने आरोपी युवक को बनगांव पुलिस को सौंप दिया है। इसके बाद अभिजीत को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ बाली पुलिस करेगी।

मानसिक बीमारी या बड़े रैकेट का हिस्सा?

दूूसरी ओर अभिजीत के परिवार ने पुलिस को बताया है कि उसे मानसिक बीमारी है जिसको लेकर 13 साल की उम्र से ही उसका इलाज चल रहा है। हालांकि अभियुक्त के विरुद्ध लगातार मिल रही शिकायतों व उसके पास कई प्रशासनिक स्तर की जानकारियों को लेकर पुलिस इस ओर विशेष तौर पर जांच कर रही है कि कहीं यह किसी रैकेट का हिस्सा तो नहीं हैं। एक जांच अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में अभिजीत ने बताया कि उसे ऐसा करके अच्छा महसूस होता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in