पूजा से पहले बाली थाना पुलिस का तोहफा: 25 खोये मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

Bali Police Returns 25 Recovered Mobile Phones Before Durga Puja
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा के पावन त्योहार से ठीक पहले बाली थाना पुलिस ने आम जनता को एक बड़ा और राहत भरा तोहफा दिया है। पुलिस ने विभिन्न इलाकों से गुम हुए 25 मोबाइल फोनों को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। गुरुवार को बाली थाने में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी फोन उनके स्वामियों के सुपुर्द किए। महीनों बाद अपना कीमती मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।

इस विशेष अवसर पर हावड़ा सिटी पुलिस के एसीपी (नॉर्थ-2) मनीष कुमार यादव तथा बाली थाने के प्रभारी अधिकारी गौरी प्रसन्न बंधु विशेष रूप से उपस्थित रहे।

तकनीकी टीम की मदद से मिली बड़ी सफलता

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ महीनों में बाली थाना क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों से मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की कई शिकायतें दर्ज की गई थीं। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने इन शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू की। इस पूरी कार्रवाई में हावड़ा सिटी पुलिस की तकनीकी टीम (तकनीकी निगरानी) की विशेष मदद ली गई।

सर्विलांस और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ अभियान चलाकर इन 25 मोबाइल फोनों को रिकवर किया। इसके बाद दस्तावेजी जांच प्रक्रिया पूरी कर असली मालिकों की पहचान की गई और उन्हें थाने बुलाकर फोन वापस सौंपे गए। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in