

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बाली स्थित गोस्वामी पाड़ा इलाके में गुरुवार को एक बहुमंजिला इमारत की पहली मंजिल की बालकनी में अचानक आग लग गई। मकान मालिक के अनुसार, बालकनी में काफी समय से एक पुरानी और खराब वॉशिंग मशीन रखी हुई थी। अचानक उसमें आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आसपास रखा अन्य सामान भी इसकी चपेट में आ गया। धुआं और लपटें उठती देख परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल की कार्रवाई
आग की आहट मिलते ही स्थानीय निवासियों ने त्वरित सूझबूझ दिखाई और इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल टीम के पहुंचने से पहले लोगों ने खुद पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। समय पर हुई इस कार्रवाई से आग इमारत के बाकी हिस्सों में नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।