

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की खाड़ी से उठा 'डीप डिप्रेशन' अब छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है, जिससे दक्षिण बंगाल में मौसम का मिजाज सुधरा है। हालांकि, मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है और छिटपुट बारिश जारी रहेगी। अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार, अगले सप्ताह उत्तर बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में फिर बढ़ेगी बारिश
बुधवार से दक्षिण 24 परगना और पूर्व मिदनापुर में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। कोलकाता में कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, लेकिन हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। समुद्र शांत रहने से मछुआरों के लिए बड़ी राहत है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में भारी बारिश शुरू हो चुकी है। रविवार से दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर के लिए विशेष चेतावनी लागू कर दी गई है। मंगलवार तक मालदा और दक्षिण दिनाजपुर सहित उत्तर के सभी जिलों में बारिश और अधिक तीव्र होने का अनुमान लगाया गया है।
तापमान और मौसमी सिस्टम की स्थिति
वर्तमान में डिप्रेशन छत्तीसगढ़ के पश्चिमी हिस्से में सक्रिय है। मॉनसून ट्रफ राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक फैली है, जिससे लगातार नमी आ रही है। शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.1°C दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार का अधिकतम तापमान 29.4°C रहा जो सामान्य से कम है।