बच्ची कार में सोती रही, चोर लेकर फरार हो गया वाहन!

पुलिस ने पीछा कर आरोपी को दबोचा
घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस
घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस
Published on: 

चेन्नई : तमिलनाडु के चेन्नई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुडुवनचेरी के पास एक 46 वर्षीय व्यक्ति ने ऐसी कार चोरी कर ली, जिसकी पिछली सीट पर 12 साल की बच्ची सो रही थी। गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

माता-पिता खाना लेने गए, कार में सो रही थी बच्ची

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता कुछ खाने का सामान लेने के लिए अपनी कार एक स्थानीय क्लाउड किचन के बाहर खड़ी करके चले गए थे। बच्ची पिछली सीट पर आराम से सो सके, इसलिए उन्होंने कार का इंजन और एयर कंडीशनर चालू रखा था।

इसी दौरान राज मोहन नाम का 46 वर्षीय व्यक्ति कार में घुसा और चालक की सीट पर बैठकर वाहन लेकर फरार हो गया। उस वक्त उसे शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि कार की पिछली सीट पर एक बच्ची भी मौजूद है।

पुलिस ने शुरू किया व्यापक तलाशी अभियान

कार चोरी होने की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। आरोपी और कार की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। साथ ही कांचीपुरम और चेंगलपट्टु जिलों के आसपास के पुलिस थानों को भी अलर्ट कर दिया गया।

पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

चेकपोस्ट पर पकड़ी गई कार, अंदर रो रही थी बच्ची

तलाशी अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने कुवनचेरी जांच चौकी के पास एक संदिग्ध कार को आते देखा। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया।

कार रुकते ही पुलिसकर्मियों ने अंदर का नजारा देखा तो हैरान रह गए। पिछली सीट पर 12 वर्षीय बच्ची मौजूद थी, जो डरी-सहमी हालत में रो रही थी।

पुलिस ने तत्काल बच्ची को कार से बाहर निकाला और सुरक्षित उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। वहीं, कार चला रहे राज मोहन को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

कार से सोने के आभूषण भी बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। इससे मामले की जांच का दायरा और बढ़ गया है।

जांचकर्ता अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी का कार चोरी करने के पीछे क्या मकसद था और क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News