

जुबा : दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में स्थित एक सोने की खदान पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर 70 से अधिक लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की। पुलिस प्रवक्ता क्वासीजवोक डोमिनिक अमोण्डोक ने बताया कि यह हमला जेबेल इराक क्षेत्र में हुआ, जहां सोने की खदान को लेकर पहले भी हिंसक झड़पें हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा, “हमें अभी सीमित जानकारी मिली है, लेकिन अज्ञात हमलावरों ने खदान पर हमला किया, जिसमें 70 से अधिक लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं।” घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खुले मैदान में बड़ी संख्या में शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक, कई लोग जान बचाने के लिए पास की झाड़ियों में भाग गए, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह इलाका लंबे समय से अवैध खनिकों और खनन कंपनियों के बीच विवाद का केंद्र रहा है। पहले भी यहां संसाधनों को लेकर हिंसा होती रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।