निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नवद्वीप (नदिया): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नदिया जिले के नवद्वीप में तनाव फैल गया। यहाँ नवद्वीप विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्रुतिशेखर गोस्वामी की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। भाजपा ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना नवद्वीप थाना क्षेत्र के ब्यादरापाड़ा गुमटी इलाके में हुई। भाजपा प्रत्याशी जब चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे, तभी दो उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया। गनीमत यह रही कि हमले के समय प्रत्याशी श्रुतिशेखर गोस्वामी गाड़ी के अंदर मौजूद नहीं थे। हालांकि, बदमाशों ने गाड़ी के ड्राइवर के साथ मारपीट की और वाहन को नुकसान पहुँचाया।
इस हमले की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नवद्वीप थाने भी पहुँचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम होने के कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा और इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल (Central Forces) तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाजपा प्रत्याशी श्रुतिशेखर गोस्वामी ने आरोप लगाया, "चुनाव से पहले विपक्ष की आवाज दबाने के लिए TMC के गुंडों ने यह हमला किया है।" वहीं, स्थानीय TMC नेतृत्व ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए घटना में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।