सोदपुर एटीएम लूट की कोशिश, 1 गिरफ्तार

ATM Robbery Attempt Foiled in Sodepur, One Arrested
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

सोदपुर: उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर अंतर्गत कालीतला घोषपाड़ा इलाके में गुरुवार की शाम एटीएम लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। एक राष्ट्रीयकृत बैंक के एटीएम को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों के मंसूबों पर स्थानीय लोगों की सक्रियता ने पानी फेर दिया। भीड़ ने एक बदमाश को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।

सीसीटीवी पर चिपकाया सेलोटेप

सूत्रों के अनुसार, कालीतला घोषपाड़ा स्थित इस एटीएम में शाम के समय ग्राहकों की आवाजाही कम रहती है। इसी का फायदा उठाकर बदमाश अंदर दाखिल हुए। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों पर सेलोटेप चिपका दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने मशीन को तोड़ने का प्रयास शुरू किया।

जागरूक नागरिक ने खोली पोल

उसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति रुपये निकालने के लिए वहां पहुँचा। एटीएम के अंदर की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उसे शक हुआ और उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। बाहर खड़े दो अन्य साथी भीड़ को आता देख फरार हो गए, लेकिन अंदर मौजूद बदमाश को लोगों ने बाहर से दरवाजा बंद कर बंधक बना लिया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही घोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए बदमाश की जमकर धुनाई कर दी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in