

दक्षिण 24 परगना : कैनिंग पूर्व के विधायक शौकत मोल्ला ने कहा कि बाइक दुर्घटना में मृत युवक मोहम्मद ताजुद्दीन के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। घटना के अगले दिन मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है, जिसे कोई नहीं चाहता था। मंगलवार को विधायक शौकत मोल्ला विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए कोलकाता जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बासंती हाईवे पर वामनघाटा पार करने के कुछ समय बाद, उनकी गाड़ी की रफ्तार धीमी थी। उसी समय कोलकाता पुलिस की पायलट कार का एक्सल टूट गया, जिससे स्थिति असामान्य हो गई। जब गाड़ी दाईं ओर मुड़ने लगी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक उनकी गाड़ी से टकरा गई। बाइक चला रहे मोहम्मद ताजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कोलकाता के एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वही मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के परिजन विधायक से मदद की गुहार लगाई है। आस पास के लोग मृतका के परिवार के साथ खड़ें है। विधायक ने कहा,"हम इस घटना से बेहद आहत हैं। मृतक के परिवार की ओर से अब तक कोई सीधा संपर्क नहीं किया गया है, लेकिन उनके कुछ रिश्तेदारों ने हमसे बात की है। अंतिम संस्कार के बाद, हम परिवार की हरसंभव सहायता करेंगे। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाएं अक्सर तेज गति और ट्रैफिक अव्यवस्था के कारण होती हैं, जिस पर प्रशासन को ध्यान देने की आवश्यकता है। आगे विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासन से भी हर संभव मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की।