एशियाई एथलेटिक्स : भारत को मिश्रित रिले में स्वर्ण, चार रजत भी जीते

रिले टीम ने शानदार का किया प्रदर्शन
एशियाई एथलेटिक्स : भारत को मिश्रित रिले में स्वर्ण, चार रजत भी जीते
Published on

गुमी (दक्षिण कोरिया) : भारत की चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा जबकि बुधवार को यहां चार और रजत तथा एक कांस्य पदक जीतकर देश ने 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन अपने पदकों की संख्या को आठ तक पहुंचाया। रूपल चौधरी, संतोष कुमार, विशाल टीके और सुभा वेंकटेशन की भारतीय चौकड़ी ने तीन मिनट 18.12 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। रूपल ने बुधवार को ही व्यक्तिगत महिला 400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। सुभा 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मिश्रित टीम का भी हिस्सा थी। चीन की टीम तीन मिनट 20.52 सेकेंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं जबकि श्रीलंका ने तीन मिनट 21.95 सेकेंड के समय से कांस्य पदक जीता।

अधिकांश समय अमेरिका में रहने वाले तेजस्विन शंकर भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने शामिल रहे। तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं की डेकाथलन प्रतियोगिता में 7618 के स्कोर से दूसरा स्थान हासिल किया। वह चीन के फेई शियांग (7634) से पीछे और जापान के केइसुके ओकुडा (7602) से आगे रहे। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुष त्रिकूद में 16.90 मीटर के प्रयास से रजत पदक जीता।

पहले रजत जीते, फिर स्वर्ण

इससे पहले रूपल चौधरी (400 मीटर) और पूजा (1500 मीटर) ने रजत पदक जीते जबकि यूनुस शाह ने पुरुष 1500 मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया। मिश्रित रिले टीम का स्वर्ण प्रतियोगिता में भारत का दूसरा सोने का तमगा है। इससे पहले मंगलवार को गुलवीर सिंह (10,000 मीटर) ने भी स्वर्ण पदक जीता था। रूपल ने महिलाओं के 400 मीटर फाइनल में 52.68 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और भारत के लिए दिन का पहला पदक जीता। इसी स्पर्धा में हमवतन विथ्या रामराज 53.00 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। जापान की नानाको मात्सुमोतो (52.17 सेकेंड) ने स्वर्ण जबकि उज्बेकिस्तान की जोनबीबी हुकमोवा (52.79 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता।

पूजा ने महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में चार मिनट 10.83 सेकेंड के समय के साथ भारत को दूसरा रजत पदक दिलाया। भारत की ही लिली दास चार मिनट 13.81 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गईं। चीन की ली चुनहुई ने चार मिनट 10.58 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान की तोमाका किमुरा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार मिनट 11.56 सेकेंड के समय से कांस्य पदक अपने नाम किया। रूपल ने 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने उस समय चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

शाह तीसरे स्थान पर रहे

यूनुस शाह ने पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में तीन मिनट 43.03 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। जापान के काजुतो लिजावा ने तीन मिनट 42.56 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीता जबकि दक्षिण कोरिया के जेयुंग ली (तीन मिनट 42.79 सेकेंड) ने दूसरा स्थान हासिल किया। मंगलवार को गुलवीर के अलावा सर्विन सबेस्टियन ने भी 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। अन्य नतीजों में विशाल थेनारासु कयालविझी 45.57 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गए। लंबी कूद में शैली सिंह और ऐंसी सोजन ने महिला वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। शैली 6.17 मीटर के प्रयास से 20 खिलाड़ियों के बीच तीसरे स्थान पर रहीं। ऐंसी ने 6.14 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह सुनिश्चित की। बाधा दौड़ में ज्योति याराजी ने अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस) में 13.18 सेकेंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in