जन्मदिन के दिन ही पसरा मातम

केक कटने से पहले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा 18 वर्षीय किशोर का शव
Ashoknagar Youth Commits Suicide On Birthday After Being Scolded By Mother
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर स्थित जियालडांगा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहाँ जन्मदिन की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। देर से घर लौटने पर मां की डांट से क्षुब्ध होकर 18 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

देर से घर लौटने पर मां ने लगाई थी डांट

मृत किशोर की पहचान शकील मंडल उर्फ राजा (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार को शकील का जन्मदिन था। सुबह वह दोस्तों के साथ खेलने गया था, लेकिन दोपहर तक घर वापस नहीं लौटा। देर से घर पहुंचने पर मां ने उसे डांट दिया, जिससे वह काफी आहत और नाराज हो गया।

बंद कमरे में फंदे से झूलता मिला शव

दोपहर का खाना खाने के बाद शकील अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर जब किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर सबकी चीख निकल गई। शकील का शव गले में फंदे से लटक रहा था। सूचना मिलते ही अशोकनगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in