दुर्गा पूजा का 50 हजार रुपये चंदा मांगने पर मारपीट का आरोप, क्लब अध्यक्ष गिरफ्तार

घर जाकर दंपत्ति से बदसलूकी और धमकी का आरोप
Ashoknagar Extortion Case: Durga Puja Club President Arrested
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : पश्चिम बंगाल के अशोकनगर में दुर्गा पूजा का 50 हजार रुपये चंदा मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने के गंभीर आरोप में सुहृद संघ क्लब की पूजा समिति अध्यक्ष बाबली भद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना अशोकनगर के विजया फार्मेसी इलाके की है। पीड़ित सरिता चट्टोपाध्याय के परिवार का आरोप है कि नया घर बनाने के बाद क्लब के सदस्यों ने उनसे 50 हजार रुपये के चंदे की मांग की थी और उन्हें क्लब में आकर मिलने को कहा था। जब वे नहीं गए, तो बाबली भद्र और गोविंद दास नाम का व्यक्ति उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने सरिता और उनके पति दीपेंदु आचार्य के साथ गाली-गलौज की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

विरोध करने पर मारपीट, बच्चा हुआ घायल

जब दीपेंदु ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। इस छीना-झपटी और धक्का-मुक्की में उनका दो साल का मासूम बच्चा भी नीचे गिर गया, जिसके बाद बुखार आने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शनिवार को पीड़िता ने अशोकनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाबली भद्र के खिलाफ चंदा वसूली को लेकर एक और मामला दर्ज है। बुधवार दोपहर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने पर जज ने उसे 12 दिनों की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने का आदेश दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in