निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के अशोकनगर शहर के शेरपुर-काजीबाड़ी मोड़ पर दुर्गापूजा के दौरान एक सीपीएम बुक स्टॉल पर हमला और उसके बाद भाजपा व सीपीएम के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम को यहां लगाए गए सीपीएम के बुक स्टॉल के पोस्टर, फ्लेक्स और प्रचार सामग्री को कथित तौर पर फाड़ने का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव फैल गया। जब सीपीएम कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो बात और बढ़ गई और दोनों तरफ से झड़प शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची अशोकनगर थाने की पुलिस के बीच-बचाव के दौरान सब-इंस्पेक्टर (एसआई) आशीष रॉय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्टॉल के साथ-साथ बामपंथियों के मुखपत्र के बोर्ड और स्थायी होर्डिंग को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
इस हिंसक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्वजीत नाग नामक एक स्थानीय भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। सीपीएम के पूर्व विधायक सत्यसेवी कर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि अब लोगों को किताबों से भी डर लगने लगा है। दूसरी ओर, भाजपा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि इस घटना में उनके कार्यकर्ता शामिल नहीं थे, बल्कि यह वामपंथियों की आपसी कलह का परिणाम है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।